प्रमोद मिश्रा
जयपुर/रायपुर, 3 जून 2025

हर्षा कराटे अकैडमी रायपुर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी निर्जला यादव ने जयपुर, राजस्थान में आयोजित नेशनल कराटे चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर छत्तीसगढ़ और अपने संस्थान को गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता 31 मई से 1 जून तक देशभर के दिग्गज कराटे खिलाड़ियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
निर्जला ने अपने अद्वितीय कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए सभी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ियों के बीच आयोजित सुपर गोल्ड मेडलिस्ट प्रतियोगिता में भी उन्होंने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई, जो उनकी कड़ी मेहनत और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का प्रमाण है।
हर्षा कराटे अकैडमी ने इस सफलता पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ अकैडमी ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि निर्जला की यह उपलब्धि उनके समर्पण और अकैडमी में मिल रहे सशक्त प्रशिक्षण का परिणाम है।
अकैडमी ने कहा कि वे सदैव युवाओं में आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। निर्जला यादव की यह सफलता आने वाली युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
हर्षा कराटे अकैडमी परिवार ने निर्जला को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





