प्रमोद मिश्रा
दिनांक – 04 जून 2025 | रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय, महानदी भवन में आज आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में अनेक अहम फैसले लिए गए।
1. स्थानांतरण नीति 2025 को मिली मंजूरी
मंत्रिपरिषद ने वर्ष 2025 की स्थानांतरण नीति को मंजूरी दी। जिला स्तर पर स्थानांतरण 14 से 25 जून तक प्रभारी मंत्री की अनुमति से होंगे, जबकि राज्य स्तर पर विभागीय मंत्री के अनुमोदन से। आवेदन 6 से 13 जून के बीच लिए जाएंगे।
- कम से कम 2 साल की सेवा अनिवार्य होगी।
- गंभीर बीमारी, दिव्यांगता और सेवा निवृत्ति से एक वर्ष पूर्व विशेष छूट मिलेगी।
- अनुसूचित क्षेत्रों से स्थानांतरण हेतु एवजीदार अनिवार्य होगा।
- तृतीय श्रेणी में अधिकतम 10% और चतुर्थ श्रेणी में अधिकतम 15% स्थानांतरण होंगे।
- probation पर कार्यरतों का स्थानांतरण नहीं किया जाएगा।
- सभी आदेश ई-ऑफिस के माध्यम से जारी होंगे।
- 5 जून से सभी संलग्नीकरण समाप्त माने जाएंगे।
- स्थानांतरण के विरुद्ध 15 दिन में राज्य स्तरीय समिति को अभ्यावेदन किया जा सकेगा।
- 25 जून के बाद स्थानांतरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा
- डिप्टी CM विजय शर्मा नें कहा की शिक्षकों के अतिरिक्त गैर शिक्षकीय कर्मचारियों का ट्रांसफर होगा|
2. दामाखेड़ा का नाम बदला गया
बलौदाबाजार जिले की ग्राम पंचायत दामाखेड़ा का नाम अब “कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा” होगा। यह निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा मांघी मेला 2024 में की गई घोषणा के अनुरूप लिया गया।
3. अन्य नाम परिवर्तन
कबीरधाम जिले में ग्राम पंचायत गदहाभाठा का नाम अब “सोनपुर” और चण्डालपुर का नाम “चन्दनपुर” कर दिया गया।
4. नवा रायपुर में कलाग्राम की स्थापना
राज्य की कला और संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु नवा रायपुर में संस्कृति विभाग को 10 एकड़ भूमि निःशुल्क आबंटित कर कलाग्राम की स्थापना का निर्णय लिया गया है।
5. तीरंदाजी अकादमी को मंजूरी
नवा रायपुर में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी अकादमी की स्थापना के लिए 13.47 एकड़ भूमि खेल विभाग को दी गई। इसमें आधुनिक रेंज, छात्रावास और प्रशिक्षण केंद्र बनेंगे।
6. किफायती जन आवास नियम 2025
शहरों में निम्न एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को सस्ते भूखंड उपलब्ध कराने के लिए नई नीति लागू की गई है, जिससे सुव्यवस्थित कॉलोनियों को बढ़ावा मिलेगा और रियल एस्टेट सेक्टर को गति मिलेगी।
7. ‘छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान’ योजना शुरू
राज्य में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं और संगठनों को सम्मानित करने हेतु “युवा रत्न सम्मान” योजना शुरू की गई है।
- हर साल एक युवा और एक संस्था को मिलेगा सम्मान।
- युवा को 2.50 लाख रुपए तक व संस्था को 5 लाख तक की राशि दी जाएगी।
- विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले 15-29 आयु वर्ग के युवाओं को भी एक-एक लाख रुपए तक का पुरस्कार दिया जाएगा।
- सरकारी कर्मचारी एवं संस्थानों में कार्यरत लोग पात्र नहीं होंगे।
8. कोच भर्ती हेतु नियम शिथिल किए गए
खेल विभाग के कोच पद पर भर्ती हेतु NIS पटियाला के डिप्लोमा मापदंड को एक वित्तीय वर्ष के लिए शिथिल किया गया।
9. छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30
बस्तर व सरगुजा जैसे आदिवासी इलाकों में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे नीति को मंजूरी दी गई है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार और पर्यटकों को गांवों की संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।





