मीडिया 24 डेस्क
कबीरधाम, छत्तीसगढ़ | 06 जून 2025

जिले के सिंघनपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बामी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही दादा को जिंदा जला कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पोते दीपक साहू ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने दादा झड़ीराम साहू (65) से नाराज था क्योंकि उन्होंने संपत्ति का बंटवारा अपने अन्य बेटों के पक्ष में किया और अपने बेटे—दीपक के पिता—को जमीन नहीं दी। साथ ही आरोपी ने दादा पर मां और पत्नी पर गंदी नजर रखने का भी गंभीर आरोप लगाया।
वारदात ऐसे दी अंजाम
घटना मंगलवार 3 जून की रात की है। झड़ीराम साहू खाना खाने के बाद घर के बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी अंदर कमरे में थीं। रात करीब 1:30 बजे दीपक अपने साथ लाए पेट्रोल से भरे गैलन को लेकर पहुंचा और सोते हुए झड़ीराम पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरा झड़ीराम चिल्लाते हुए अंदर भागा, जहां उसकी पत्नी ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे, तभी आंगन में ही उसकी मौत हो गई।
एंटी-मॉर्टम बर्निंग की पुष्टि, जांच में जुटी पुलिस
एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि झड़ीराम को जिंदा जलाया गया था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) ने विशेष जांच टीम गठित की।
डॉग स्क्वायड ने खोला राज
घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूरी पर मृतक के मंझले बेटे वारी साहू का घर है। डॉग स्क्वायड घटनास्थल से सूंघते हुए सीधे उसी घर तक पहुंचा। पूछताछ और सबूतों के आधार पर जब पुलिस ने पोते दीपक साहू को हिरासत में लिया, तो उसने पूरी घटना को कबूल कर लिया।
आरोपी ने किया सीन रीक्रिएट, कोर्ट में पेश
दीपक ने बताया कि उसे डर था कि भविष्य में उसे कुछ नहीं मिलेगा, इसी कारण उसने दादा की हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने सीन रिक्रिएशन के दौरान उसे घटनास्थल पर ले जाकर वारदात की पूरी प्रक्रिया दोबारा करवाई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
जिले में चार दिन में तीसरी हत्या
यह घटना कबीरधाम जिले में बीते चार दिनों में हुई तीसरी हत्या है। पुलिस ने इनमें से दो मामलों का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। तेज कार्रवाई को लेकर पुलिस की सराहना की जा रही है।





