प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 10 जून 2025

लंबे समय से झुलसा रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 11 जून से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होगी, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं, 15 जून के आसपास से पूरे प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ 58 डिग्री पूर्व और 27 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिण गंगेटिक पश्चिम बंगाल और तटीय ओडिशा के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है, जिसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं।
10 जून को क्या रहेगा मौसम?
मंगलवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ इलाकों में अंधड़ चलने और वज्रपात की भी आशंका है। हालांकि अधिकतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा।
मौसम विभाग ने जनता से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और आवश्यक एहतियात बरतें। अगले कुछ दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।





