मीडिया 24 डेस्क
बालोद, 10 जून 2025

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो मजदूरों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। हादसा दल्लीराजहरा-कुसुमकसा रेलवे लाइन पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, झारखंड से मजदूरी करने आए 11 युवक दल्लीराजहरा से पैदल चलते हुए कुसुमकसा की ओर जा रहे थे। रास्ते में थकावट के कारण उनमें से पांच युवक रेलवे पटरी पर बैठकर आराम करने लगे। इसी दौरान नींद लग गई और वे पटरी पर ही सो गए। सुबह लगभग 4 बजे एक ट्रेन के गुजरने के दौरान वे संभल पाते, उससे पहले ही चार युवक उसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। शेष छह साथी मजदूर आगे निकल गए थे, जिससे वे हादसे से बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नगर पुलिस अधीक्षक चित्रा वर्मा ने बताया कि सभी मजदूर झारखंड के निवासी थे और दल्लीराजहरा में मजदूरी करने आए थे। ट्रेन की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो घायल हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर रेल पटरी के आसपास सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर करता है, खासकर उन श्रमिकों के लिए जो दूर-दराज से रोज़ी-रोटी की तलाश में नए क्षेत्रों में आते हैं।





