नई दिल्ली, 11 जून 2025 – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इस गरिमामय अवसर पर देशभर से कला, संस्कृति, समाज और उद्योग क्षेत्र के विशिष्ट जनों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने सरकार की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर चर्चा की।
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की सशक्त प्रतिनिधि और चर्चित फोक सिंगर आरू साहू ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आरू साहू की मौजूदगी ने छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर एक नई पहचान दिलाई।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। संवाद सत्र के दौरान मोदी सरकार की 11 वर्षों की विकास यात्रा, नीतिगत निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस मौके पर आरू साहू ने कहा, “यह अवसर मेरे लिए गौरव का क्षण है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को देशभर के समक्ष प्रस्तुत कर पाने का यह क्षण हमारी मिट्टी, हमारे गीत और हमारी परंपराओं का सम्मान है।”
आरू साहू की उपस्थिति ने न सिर्फ राज्य की सांस्कृतिक छवि को मजबूती दी, बल्कि यह संदेश भी दिया कि भारत की विविधता में छत्तीसगढ़ का लोकसंगीत भी उतना ही महत्वपूर्ण है।





