10 Mar 2026, Tue
Breaking

भैयाथान में ‘जमीन घोटाला’ : जिंदा महिला को मरा बताकर कर दिया नामांतरण, तहसीलदार निलंबित

मन्नू मिश्रा

सरगुजा/सूरजपुर, 14 जून 2025

सरगुजा संभाग में पदस्थ भैयाथान के तहसीलदार संजय राठौर को आखिरकार उनके भ्रष्ट आचरण और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार की कीमत चुकानी पड़ी। संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा ने तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तहसील कार्यालय में पद का दुरुपयोग, रिश्वतखोरी, फर्जी दस्तावेज, व्यक्तिगत बयानबाजी और कार्यालय में बर्थडे पार्टी करने जैसे आरोपों से घिरे राठौर के खिलाफ यह कार्रवाई तब हुई जब एक बुजुर्ग महिला की शिकायत में गंभीर तथ्य सामने आए।

बुज़ुर्ग महिला को मृत दिखाकर हड़प ली जमीन

ग्राम कोयलारी की निवासी शैल कुमारी दुबे ने तहसीलदार संजय राठौर और अपने सौतेले पुत्र वीरेंद्र दुबे पर यह गंभीर आरोप लगाया था कि सांठगांठ करके उन्हें “मृत” घोषित कर दिया गया और उनकी निजी जमीन (खसरा नंबर 344) का नामांतरण जबरन कर दिया गया। तहसीलदार ने इस जमीन को उनके सौतेले पुत्र के नाम पर चढ़ा दिया।

जांच में यह साबित हुआ कि यह प्रक्रिया फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की गई और तहसीलदार ने पूर्ण मनमानी दिखाई। रिपोर्ट में यह भी साफ हुआ कि तहसीलदार ने जानबूझकर नियमों का उल्लंघन किया।

खबरें छापने पर पत्रकारों को धमकाने की फिराक में थे

बताया जा रहा है कि तहसीलदार राठौर मीडिया के सवालों और रिपोर्टों से इतने असहज हो गए थे कि उन्होंने मानहानि और समाचार खंडन के लिए पत्रकारों को नोटिस भेजने की तैयारी कर ली थी। लेकिन इससे पहले ही उन्हें निलंबन का आदेश थमा दिया गया। राठौर खुलेआम यह भी कहते पाए गए कि “मेरे खिलाफ पोर्टल वाले लिखते हैं, उन्हें कोई जानता नहीं,” मगर जैसे ही पत्रकारों ने साक्ष्यों के साथ रिपोर्ट छापी, तहसीलदार की तथाकथित “मैनेजमेंट” ध्वस्त हो गई।

पढ़ें   'छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग’ : CSCS के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से किया सौजन्य भेंट, CCPL के शुभारंभ समारोह हेतु शामिल होने किया आमंत्रित

ऑफिस में बर्थडे पार्टी, फोटो वायरल

संजय राठौर की कार्यप्रणाली पर तब और सवाल उठे जब भैयाथान तहसील कार्यालय में उनके जन्मदिन की पार्टी मनाने और केक काटने की तस्वीरें वायरल हुईं। सरकारी कार्यालयों में इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ अनुशासनहीनता बल्कि भ्रष्ट मानसिकता को उजागर करती हैं। जनता और वादीगण सालों से कार्यालय में पेशियों के लिए खड़े रहते हैं, वहीं साहब जन्मदिन मना रहे थे।

अब होगी आपराधिक जांच?

संभागायुक्त द्वारा निलंबन के आदेश के साथ ही इस पूरे मामले में आपराधिक जांच की संभावना भी बढ़ गई है। क्योंकि यदि किसी जीवित व्यक्ति को मृत बताकर संपत्ति का हनन किया गया है तो यह न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही बल्कि दंडनीय अपराध भी है।

सवालों के घेरे में “वीरेंद्र दुबे गिरोह”

इस पूरे प्रकरण में तहसीलदार के करीबी माने जाने वाले वीरेंद्र दुबे, कमलेश दुबे और शिवम दुबे की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोग इसे “कालिया और उसके साथी” की तर्ज पर भ्रष्टाचार का नेटवर्क मान रहे हैं। अब जब संरक्षक खुद गिर गया, तो उसके संरक्षितों का क्या होगा — यह स्वाभाविक सवाल बन गया है।


संक्षेप में:

  • तहसीलदार संजय राठौर निलंबित
  • जीवित महिला को “मृत” दिखाकर जमीन हड़पने का मामला
  • पत्रकारों को धमकाने की कोशिश, पर मीडिया के दबाव में आया सच सामने
  • कार्यालय में बर्थडे पार्टी की तस्वीरें उजागर
  • भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा संदेश — अब होगी कानूनी कार्रवाई की बारी

अब आगे की कार्रवाई यह तय करेगी कि क्या सिर्फ निलंबन ही सजा है, या कानून का शिकंजा और भी मजबूत होगा।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed