प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 15 जून 2025

छत्तीसगढ़ में मानसून दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग से मानसून आगे बढ़ रहा है और अनुमान है कि 18 से 19 जून तक यह रायपुर सहित मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों तक पहुंच सकता है। शुरुआत में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होगी, लेकिन इसके बाद राज्य के कई जिलों में मानसून प्रभावी होगा।
इसी के साथ प्रदेश के सभी जिलों में बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, दुर्ग सहित पांच जिलों में तेज अंधड़ चलने की भी संभावना जताई गई है।
शनिवार को प्रदेश में मौसम ने गर्मी और ठंडक दोनों के रूप दिखाए। बिलासपुर 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि दुर्ग 25 डिग्री के साथ सबसे ठंडा शहर रहा।
इस बीच शुक्रवार को कोंडागांव जिले के सालेभाट गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। आकाशीय बिजली गिरने से 17 वर्षीय मोना मरकाम और एक बछड़े की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, फरसगांव विकासखंड के बंगोली पंचायत अंतर्गत मोना शाम 6 बजे बाड़ी में बछड़े को चरा रही थी, तभी अचानक बिजली गिर गई। मौके पर ही उसकी और बछड़े की मौत हो गई।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर खुले स्थानों में जाने से बचें, मोबाइल उपयोग न करें और पेड़-पौधों के नीचे शरण न लें। किसान और ग्रामीण विशेष सतर्कता बरतें।





