जगदलपुर, 18 जून 2025
छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश के बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नक्सल मोर्चे पर बड़ी कामयाबी मिली है। सुकमा से लगे आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीताराम राजू जिले के मारडेपल्ली जंगलों में मंगलवार तड़के सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस एकाउंटर में जवानों ने तीन वर्दीधारी शीर्ष नक्सलियों को मार गिराया है। इलाके में अब भी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है।

इस कार्रवाई की पुष्टि अल्लुरी सीताराम जिले के पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने की है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ किंतुपुरु फॉरेस्ट क्षेत्र में सुबह शुरू हुई, जो देर तक चली। इस दौरान दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई।
मारे गए नक्सलियों में टॉप लीडर शामिल
मारे गए नक्सलियों में गजरला रवि उर्फ उदय, जो नक्सलियों की केंद्रीय समिति का सदस्य था, और वीआरएल चैतन्य उर्फ अरुणा, जो विशिष्ट जोनल समिति (AOBSZC) की सदस्य थी, शामिल हैं। एक अन्य नक्सली की अभी पहचान नहीं हो सकी है। ये सभी नक्सली लंबे समय से वांछित थे और इन पर कई हिंसक घटनाओं में शामिल होने का आरोप था।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ स्थल से दो AK-47 राइफलें, भारी मात्रा में नक्सली साहित्य और रोजमर्रा के उपयोग के सामान बरामद किए गए हैं। यह मुठभेड़ सुरक्षाबलों के लिए रणनीतिक रूप से बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
ऑपरेशन अब भी जारी
सूत्रों के अनुसार इलाके में अभी और नक्सलियों के छिपे होने की आशंका है, जिसके चलते मुठभेड़ के बाद कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। आसपास के गांवों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
यह कार्रवाई नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रहे सघन एंटी नक्सल ऑपरेशन का हिस्सा है, जिसे राज्य और केंद्र की सुरक्षा एजेंसियां मिलकर अंजाम दे रही हैं।





