प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 18 जून 2025

छत्तीसगढ़ में 6,000 करोड़ रुपये के चर्चित महादेव सट्टा घोटाले को लेकर केंद्रीय जांच एजेंसियां सीबीआई, ईडी और राज्य पुलिस एक्शन में हैं। इस बढ़ती कार्रवाई के बीच महादेव बुक के किंगपिन सौरभ चंद्राकर ने अब अपने गैंबलिंग नेटवर्क में छत्तीसगढ़ के युवाओं को रखना पूरी तरह बैन कर दिया है। खासतौर पर रायपुर और दुर्ग-भिलाई के युवाओं पर यह रोक लगाई गई है क्योंकि इन्हें एजेंसियों के रडार पर माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ से बैंक ट्रांजेक्शन भी बंद:
सीबीआई की जांच में पहले हो चुकी गिरफ्तारियों से कई बड़े लिंक सामने आए हैं। इन्हीं खुलासों से बचने के लिए सौरभ ने छत्तीसगढ़ के बैंक अकाउंट्स से ट्रांजेक्शन पर भी रोक लगा दी है, जिससे ट्रांजेक्शन की लोकेशन और स्त्रोत को छिपाया जा सके।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल का हमला:
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले पर तीखा तंज कसते हुए कहा— “भाजपा की डबल इंजन सरकार सट्टेबाजों को संरक्षण दे रही है। इनका उद्देश्य सिर्फ राजनीतिक लोगों को फंसाना है। जब तक मोदी-शाह हैं, राज्य में साय सरकार है, सट्टा चलता रहेगा।”
दुबई से श्रीलंका शिफ्ट हुआ हेडक्वार्टर
भास्कर की 1 महीने की स्पेशल पड़ताल में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि महादेव बुक का हेडक्वार्टर अब दुबई से श्रीलंका शिफ्ट कर दिया गया है। 20 ऐसे युवक, जो दुबई और श्रीलंका स्थित कार्यालय में काम करके लौटे हैं, उन्होंने बताया कि अब सट्टे का पूरा संचालन श्रीलंका से हो रहा है— जिसमें आईडी जेनरेशन, मनी लॉन्ड्रिंग, ट्रांजेक्शन और सेटलमेंट शामिल हैं।
यूएई का दबाव बना कारण:
महादेव बुक का नाम लगातार दुबई और यूएई से जुड़ने के बाद वहां की सरकार ने सख्ती दिखाई। बदनामी से बचने के लिए महज 2 महीनों में पूरा सेटअप श्रीलंका शिफ्ट कर दिया गया। हालांकि सौरभ चंद्राकर अभी भी दुबई में मौजूद है।
सौरभ और रवि उप्पल के पास वानयातू की नागरिकता
सूत्रों के मुताबिक, सौरभ और उसके साथी रवि उप्पल के पास वानयातू की नागरिकता है और उन्होंने इस गोरखधंधे में अब तक 4000 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश किया है। महादेव सट्टा घोटाले में अब तक 70 एफआईआर दर्ज, लुकआउट नोटिस जारी हो चुके हैं। इनमें सौरभ, रवि उप्पल, शुभम सोनी समेत कई नाम शामिल हैं।
सीबीआई की कार्रवाई: पूर्व सीएम, विधायक, अफसरों के ठिकानों पर छापे
मार्च 2025 में सीबीआई ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई की थी। पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व विधायक देवेंद्र यादव, कई सेवानिवृत्त व वर्तमान आईएएस और पुलिस अधिकारियों के यहां छापेमारी की गई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए।
महादेव बुक से 500 करोड़ का कारोबार, 4000 से ज्यादा लड़के शामिल
सौरभ सिर्फ महादेव बुक ही नहीं, कई अन्य गैंबलिंग साइट्स भी ऑपरेट कर रहा है। इनमें 4000 से अधिक युवक कार्यरत हैं, जिन्हें 30,000 से 1 लाख रुपये तक की सैलरी, लग्जरी लाइफस्टाइल और तमाम सुविधाएं दी जाती हैं। आज महादेव बुक का सालाना कारोबार 500 करोड़ से भी ज्यादा पहुंच चुका है।





