प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 20 जून 2025 — राजधानी रायपुर के स्वामी आत्मानंद जे.आर. दानी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आज जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव 2025 उत्साहपूर्वक आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने विशेष रूप से शिरकत की और नवप्रवेशी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विधायक मिश्रा ने बच्चों को पढ़ाई में मेहनत करने और मोबाइल का संयमित उपयोग करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में मोबाइल एक उपयोगी उपकरण है, लेकिन इसका दुरुपयोग विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने बच्चों को विशेष रूप से वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने और देर रात तक अनावश्यक स्क्रीन टाइम से बचने की सलाह दी।
मिश्रा ने कहा, “शिक्षा ही किसी समाज और राष्ट्र की प्रगति की नींव है। हमें अपने बच्चों को सिर्फ पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि डिजिटल अनुशासन और सामाजिक जागरूकता में भी मजबूत बनाना है।”
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय खंडेलवाल, विद्यालय के प्राचार्य, वार्ड पार्षद मुरली शर्मा, जनप्रतिनिधिगण, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नववर्ष की शुरुआत कर रहे विद्यार्थियों का स्वागत किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम ने शिक्षा, अनुशासन और तकनीकी जागरूकता का संदेश देते हुए समाज में एक सकारात्मक वातावरण का संचार किया।





