10 Mar 2026, Tue
Breaking

जशपुर में CM विष्णु देव साय ने हजारों लोगों संग किया योगाभ्यास : नालंदा परिसर सहित 108 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण, बच्चों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक में दिखा योग दिवस को लेकर उत्साह

जशपुरनगर 21 जून 2025

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जिला मुख्यालय जशपुर में हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा की योग हमारे देश के लिए कोई नई विधा नहीं है। सनातन काल से योग हमारे जीवन में चला आ रहा है। हमारे ऋषि मुनियों ने इसका इजाद किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व पटल पर योग की महत्ता को स्थापित किया। संयुक्त राष्ट्र महासभा में वर्ष 2014 में आवाज उठाई और इसे विश्व स्तर पर स्वीकृति दिलाई। वर्ष 2015 से प्रति 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जा रहा है। हम सब लोगों के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा सहित 175 देशों में योग की आवाज गूंज रही है। मुख्यमंत्री के साथ जनप्रतिनिधिगण, स्कूलों के बच्चों, आम नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह से योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक के द्वारा चक्र आसन, अर्ध चक्र आसन, कपाल भारती, अनुलोम-विलोम, प्राणायाम, वज्राशन सहित विभिन्न आसन से योगाभ्यास करवाया गया।

विष्णु देव साय ने कहा कि सभी लोग योग को अपने दिनचर्या में शामिल करें। योग से मन और आत्मा संतुलित रहता है। दिन-रात के 24 घंटे में से कुछ समय योग के लिए जरूर निकाले। इससे बड़ी-बड़ी बीमारियां ठीक हो जाती हैं। शरीर स्वस्थ रहने के साथ ही भविष्य में बीमारियां होने की संभावना भी नहीं रहती। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दवाई की जरूरत पड़ने पर जेनेरिक दवाइयों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह भी ब्रांडेड दवाइयों जैसे ही असर करती हैं। इनका दाम बहुत कम होता है। गरीबों की पहुंच की सीमा में और ज्यादा फायदेमंद है। इसका उपयोग जरूर सभी करें। बड़ी संख्या में बच्चे भी आज के योग कार्यक्रम में शामिल हुए। इससे बच्चों का मन शांत व स्थिर रहता है और पढ़ने पर मन लगता है।

पढ़ें   Balod News: प्रशासन की सख्ती बाद भी जल रही पराली, चपेट में आने से महिला की मौत; जांच में जुटी पुलिस

मुख्यमंत्री ने किया नालंदा परिसर का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने आज नालंदा परिसर का भूमि पूजन भी किया। 500 सीटर इस परिसर की लागत 11 करोड़ 29 लाख रुपया है। 2 एकड़ में यह बनेगा। इसमें गार्डन भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को परिसर का ज्यादा लाभ मिलेगा। अब जागरूकता के कारण गांव और गरीब लोग भी बड़े-बड़े परीक्षा दे रहे हैं और सफल भी हो रहे हैं। सब लोग बड़े शहर आकर पढ़ाई नहीं कर सकते। इसलिए राज्य सरकार ने सभी जिला मुख्यालय व बड़े शहरों में नालंदा परिसर के निर्माण का जिम्मा लिया है।

107 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर 107.81 करोड़ के 64 कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया। इनमें जशपुर विधानसभा क्षेत्र के 61 करोड़ 20 लाख के 85 कार्यों का भूमिपूजन और 15 करोड़ 80 लाख के 6 कार्यों का लोकार्पण किया। इसी प्रकार कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत फरसाबहार विकासखंड के 24 करोड़ 90 लाख के 15 कार्यों का भूमिपूजन और 5 करोड़ 91 लाख के 4 कार्यों का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में एक पेड़ मां के नाम लगाने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू हो चुकी है। समय अनुकूल है। यदि मां साथ में है तो उन्हें समक्ष में रखकर अथवा स्वर्गीय होने पर उनका फोटो सामने रखकर मां के नाम पौधे जरूर लगाएं। आजीवन इसकी सुरक्षा का दायित्व भी संभालें। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर योग आयोग के प्रशिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि योग सभी तरह के भेदभाव से ऊपर है। जाति, धर्म, महिला, पुरुष सभी समान रूप से अभ्यास में लाकर लाभान्वित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी इसका लाभ उठाएं। यह साल का सबसे बड़ा दिन 21 जून को पूरे विश्व में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को अंतर्राष्ट्रीय मंच में ले जाकर इसे पहचान दिलाई है। इस साल का योग “हरित योग” पर आधारित है। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील सभी लोगों से की। लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि इस साल योग दिवस की थीम ‘‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य‘‘ है जो पृथ्वी एवं मानव स्वास्थ्य के आपसी संबंध को बताता है।

पढ़ें   केंद्र सरकार चांवल खरीदी : छत्तीसगढ़ प्रदेश से केंद्र सरकार इस बार खरीदेगी 60 लाख टन से भी अधिक चावल..केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने दी लिखित सहमति.. पढ़िए पूरी रिपोर्ट

योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जशपुर की वादियां बहुत ही सुंदर और योग के लिए अनुकूल हैं। जशपुर चायपत्ती, काजू, नाशपाती, आदि अन्य फसलों की अच्छी पैदावार होती है। उन्होंने कहा जशपुर का प्राकृतिक वातावरण स्वर्ग से सुंदर प्रतीत होता है। योग पठन-पाठन का विषय नहीं है, यह रोज अभ्यास करने और जीवन में अपनाने का विषय है। यह जीवन जीने का एक तरीका है, जिससे हर व्यक्ति आजीवन निरोग रह सकता है। कलेक्टर रोहित व्यास ने योग दिवस के कार्यक्रम में सभी का आभार व्यक्त किया। स्वागत भाषण समाज कल्याण विभाग की संचालक रोक्तिमा यादव ने दिया। योग प्रशिक्षक छबिलाल साहू, ज्योति साहू और उनकी टीम को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। दिव्यांग बालिका ने कठिन योगाभ्यास कर लोगों को योग करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, पद्मश्री जागेश्वर राम यादव, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, राज्य के सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, माटीकला बोर्ड, शंभूनाथ चक्रवर्ती, नगरपालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गे, आईजी दीपक झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे और योग संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed