बिलासपुर, 21 जून 2025
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत बेलगहना क्षेत्र के मिट्ठून नवागांव स्थित हाईस्कूल परिसर में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस विशेष आयोजन में जनजातीय समाज की बेटियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के महत्व को आत्मसात किया।

मुख्य अतिथि प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने योगाभ्यास में सहभागी होते हुए कहा,
“हमारे ऋषियों-मुनियों द्वारा प्रदत्त योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक आत्मा है। जब हमारे जनजातीय अंचलों की बेटियाँ इस परंपरा को अपनाती हैं, तो यह राष्ट्र के सांस्कृतिक उत्थान का प्रतीक बनता है।”
उन्होंने इसे आत्मिक शांति का अनुभव बताते हुए कहा कि यह आयोजन भारत की परंपरा और विश्व कल्याण के संदेश का जीवंत उदाहरण बना है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने योग को वैश्विक पहचान दिलाई और आज पूरा विश्व ‘योगमय’ हो रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजू सिंह, जिला पंचायत सदस्य निरंजन पैकरा, सरपंच शिव पैकरा, प्रिंसिपल संतकुमार पैकरा, प्रभात पांडेय, प्रदीप कश्यप, शिवेंद्र शुक्ला, राजेश कश्यप (पूर्व मंडल अध्यक्ष), मुरलीधर चांडक, बृजपाल पैकरा, हौसला पैकरा, रुद्र अग्रवाल, नेतू यादव, विजय केशरवानी, महिपत भगत सहित अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि जनजातीय अंचलों की बेटियाँ भी योग जैसे प्राचीन भारतीय विज्ञान में निपुण हो सकती हैं और यह भविष्य में राष्ट्र के सांस्कृतिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।





