महासमुंद, 09 सितंबर 2025

बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के खल्लारी सर्किल में मृत मिले भालू के मामले में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है। टीम ने शिकार के इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। आरोपियों के पास से सूअर का मांस, कुल्हाड़ी, जीआई तार और ट्रैक्टर बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग को मंगलवार को जोरातराई के क्रमांक 179 में भालू की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने भालू का शव बरामद कर अवराडबरी वन डिपो भेज दिया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जंगली सूअर का शिकार करने के लिए 11 केवी विद्युत लाइन में अवैध रूप से जीआई तार लगाया था। इसी में फंसकर भालू की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को दूर ले जाकर छिपाने की कोशिश की।
वन अमले ने जोरातराई, भीखोज और कमारडेरा से अगर सिंह, अर्जुन, तुलाराम और दो चैतराम को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9(33), 49, 50 और 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
भालू के शव का पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और अवराडबरी डिपो में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।





