12 Mar 2026, Thu
Breaking

शतकवीर राहुल-पंत की जोड़ी ने इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेला : भारत ने दिया 371 का टारगेट, आखिरी दिन की जंग होगी रोमांचक

खेल डेस्क

नई दिल्ली, 24 जून 2025

हेडिंग्ले टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने प्रदर्शन से मुकाबले पर शिकंजा कस दिया है। केएल राहुल (137) और ऋषभ पंत (118) की शानदार शतकीय पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 371 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया। जवाब में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं और उसे अभी भी 350 रनों की दरकार है।


राहुल-पंत की साझेदारी ने बदला मैच का रुख

भारत ने चौथे दिन दो विकेट पर 90 रनों से पारी आगे बढ़ाई। शुभमन गिल और राहुल क्रीज़ पर थे, लेकिन गिल बड़ी पारी खेलने में असफल रहे और सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पंत और राहुल के बीच चौथे विकेट के लिए 195 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने इंग्लैंड को बैकफुट पर ढकेल दिया।

ऋषभ पंत ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए पहले पचासा और फिर शानदार शतक पूरा किया। वे इंग्लैंड में टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बन गए। हालांकि शतक के तुरंत बाद वह बशीर की गेंद पर कैच आउट हो गए।


राहुल का इंग्लैंड में तीसरा टेस्ट शतक

केएल राहुल ने अपनी क्लासिक तकनीक और धैर्य से बल्लेबाजी की और इंग्लैंड में अपना तीसरा टेस्ट शतक जमाया। पहली पारी में चूकने के बाद इस बार उन्होंने कोई गलती नहीं दोहराई। राहुल 137 रन बनाकर आउट हुए जब उन्होंने कार्स की गेंद को कट करने की कोशिश की लेकिन गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप से टकरा गई।

पढ़ें   रायपुर लोकसभा में 38 अभ्यर्थी मैदान में : सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक डाले जाएंगे वोट, 9 विधानसभा में 2385 मतदान केंद्र

निचला क्रम फिर लड़खड़ाया

राहुल के आउट होते ही भारत की पारी तेजी से सिमट गई। करुण नायर (20) के बाद शार्दुल ठाकुर (4), मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह (0) लगातार पवेलियन लौटे। जडेजा ने निचले क्रम के साथ कुछ रन जोड़ने की कोशिश की, लेकिन टीम 364 पर सिमट गई।

इंग्लैंड के लिए जोश टंग और बायडर्न कार्स ने तीन-तीन विकेट चटकाए। शोएब बशीर को दो, जबकि वोक्स और स्टोक्स को एक-एक विकेट मिला।


इंग्लैंड की आक्रामक शुरुआत

371 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने आखिरी आधे घंटे में तेज शुरुआत की। बेन डकेट और जैक क्रॉली ने भारतीय गेंदबाजों पर आक्रमण किया। डकेट ने रवींद्र जडेजा की गेंदों पर स्वीप शॉट खेले और इंग्लैंड के तेवर बता दिए। डकेट 9* और क्रॉली 12* रन बनाकर नाबाद लौटे।


मुकाबला रोमांचक मोड़ पर

अब मुकाबला निर्णायक मोड़ पर है। भारत को जीत के लिए 10 विकेट और इंग्लैंड को 350 रन बनाने हैं। अंतिम दिन का खेल दोनों टीमों के धैर्य, तकनीक और रणनीति की परीक्षा लेगा।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed