नई दिल्ली, 01 जुलाई 2025
हर महीने की पहली तारीख कुछ नए बदलाव लेकर आती है, और इस बार 1 जुलाई 2025 से कई अहम नियमों में संशोधन लागू हो गया है, जिनका असर सीधे आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। रेलवे टिकट से लेकर आयकर रिटर्न की समयसीमा, एटीएम निकासी से लेकर गैस सिलेंडर और बैंकिंग चार्ज तक बहुत कुछ बदला है। जानिए आज से लागू हुए ये 10 बड़े बदलाव:

🔸 1. लंबी दूरी की रेल यात्रा अब महंगी
रेलवे ने 1,000 किमी से अधिक की यात्रा पर किराया बढ़ा दिया है। नॉन-एसी क्लास में प्रति किमी 1 पैसा और एसी क्लास में 2 पैसे की वृद्धि की गई है। हालांकि 500 किमी तक यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिली है।
🔸 2. आधार नहीं तो तत्काल टिकट नहीं
अब तत्काल टिकट बुक करने के लिए आईआरसीटीसी अकाउंट का आधार से लिंक होना जरूरी है। आधार लिंक मोबाइल पर OTP आधारित प्रमाणीकरण से ही टिकट मिलेगा। रेलवे एजेंट 30 मिनट बाद ही तत्काल बुकिंग कर सकेंगे।
🔸 3. पैन कार्ड के लिए आधार अनिवार्य
पैन कार्ड बनवाने के लिए अब आधार जरूरी है। जिनके पास पहले से पैन है, उन्हें 31 दिसंबर 2025 तक उसे आधार से लिंक करना होगा, वरना 1 जनवरी 2026 से वह निष्क्रिय हो जाएगा।
🔸 4. जीएसटी रिटर्न फाइलिंग में बदलाव
अब GSTR-3B फॉर्म टैक्सदाता खुद संशोधित नहीं कर पाएंगे। GSTR-1 और 1A से डेटा स्वतः भर जाएगा। देरी या गलत जानकारी पर कार्रवाई होगी।
🔸 5. क्रेडिट कार्ड और ATM चार्ज में बदलाव
HDFC, ICICI, Axis और Kotak Mahindra जैसे कई बैंकों ने एटीएम निकासी सीमा, क्रेडिट कार्ड फीस और सेविंग अकाउंट ब्याज दरों में बदलाव किया है।
🔸 6. लघु बचत योजनाओं की ब्याज दरों में बदलाव
1 जुलाई से लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दरें बदल गई हैं। ब्याज दरों में कमी की संभावना जताई गई थी, क्योंकि आरबीआई ने रेपो रेट में 1% की कटौती की है।
🔸 7. आयकर रिटर्न भरने की नई समयसीमा
वेतनभोगी करदाताओं के लिए ITR दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 कर दी गई है।
🔸 8. क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट के नए नियम
अब सभी क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान केवल भारत बिल पेमेंट सिस्टम (BBPS) के माध्यम से होगा। इससे PhonePe, CRED, BillDesk जैसे थर्ड-पार्टी ऐप्स प्रभावित होंगे।
🔸 9. वॉलेट और ऑनलाइन गेमिंग पर नया शुल्क
- HDFC बैंक ने गेमिंग ऐप्स पर ₹10,000 से अधिक खर्च करने पर 1% अतिरिक्त शुल्क लागू किया है।
- थर्ड पार्टी वॉलेट (जैसे पेटीएम) में ₹10,000 से ज्यादा ट्रांसफर करने पर भी 1% शुल्क लगेगा।
🔸 10. कॉमर्शियल LPG सिलेंडर सस्ता
19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में ₹58.50 की कटौती की गई है। अब दिल्ली में इसकी कीमत ₹1665 हो गई है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है।





