प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 02 जुलाई 2025

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में लगातार बैठके लेंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री 10:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे, जहां 11:00 बजे से 1:00 बजे तक वित्त विभाग, वाणिज्य कर, पंजीयन, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके पश्चात 1:00 से 2:00 बजे तक समय आरक्षित रखा गया है।
दोपहर 2:00 बजे से 4:15 बजे तक मुख्यमंत्री आवास एवं पर्यावरण विभाग की बैठक लेंगे। बैठक समाप्ति के बाद 4:15 बजे वे मंत्रालय से अग्रसेन धाम, रायपुर के लिए रवाना होंगे और 4:30 बजे वहां पहुंचेंगे।
अग्रसेन धाम में आयोजित “मॉक पार्लियामेंट (युवा संसद)” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विशेष रूप से शामिल होंगे। युवाओं से संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में उनकी सहभागिता को लेकर खासा उत्साह है।
शाम 5:30 बजे वे अग्रसेन धाम से मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे और 5:40 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
BJYM का कार्यक्रम
भारतीय जनता युवा मोर्चा 25 जून 1975 को लगे आपातकाल के विषय को लेकर एक दिवसीय युवा संसद का आयोजन करेगी । रायपुर के अग्रसेन धाम में आज युवा संसद आयोजित होगी । इस कार्यक्रम में प्रदेश भर के युवा शामिल होंगे ।
आपातकाल पर मॉक पार्लियामेंट
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी ने कहा “आपातकाल का कालखंड स्वतंत्र भारत इतिहास का सबसे अलोकतांत्रिक काल रहा, जिसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की कांग्रेस सरकार ने असंवैधानिक रूप से आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या की । साथ ही देश के नागरिकों को मिलने वाले संवैधानिक अधिकारों का भी निलंबन हुआ और लोकतांत्रिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई. इसके बारे में युवाओं को जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा”
इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री व समापन सत्र में अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहेंगे ।
CBI पेश करेगी आरोपियों को
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मेडिकल कॉलेज की मान्यता रिपोर्ट को अनुकूल बनाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में तीन डॉक्टरों समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सोमवार को देशभर में एक साथ चलाए गए व्यापक अभियान के दौरान की गई।
CBI के मुताबिक मामला छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च से जुड़ा है। आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने संस्थान के पक्ष में निरीक्षण रिपोर्ट देने के लिए आकलनकर्ताओं को रिश्वत दी और वैधानिक प्रक्रिया को प्रभावित किया। संस्थान के पदाधिकारी और बिचौलिए, निरीक्षण के लिए नियुक्त डॉक्टरों से संपर्क कर उन्हें प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तार 6 लोगों को आज CBI विशेष कोर्ट में पेश करेगी और सबको रिमांड में लेगी ।
इंग्लैंड और भारत के बीच दूसरे टेस्ट की शुरुआत
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार से बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाएगा। लीड्स में हार के बाद भारतीय टीम में बदलाव को लेकर काफी बातें हो रही हैं। खुद सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे भी इस बारे में बात कर चुके हैं। ऐसे में एजबेस्टन में भारतीय प्लेइंग-11 में दो बदलाव देखने को मिल सकते हैं। जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जा सकता है, जबकि शार्दुल ठाकुर को भी बाहर किया जा सकता है। इनकी जगह नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह में से किसी दो की एंट्री हो सकती है। डेशकाटे ने दो स्पिनरों के साथ जाने की रणनीति को सही बताया था। वहीं, दूसरी तरफ इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 की घोषणा सोमवार को ही कर दी है ।




