प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 2 जुलाई 2025

श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज, नवा रायपुर को मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (MCI) से मान्यता दिलाने के नाम पर की जा रही कथित रिश्वतखोरी मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें MCI से जुड़े तीन डॉक्टर भी शामिल हैं।
सीबीआई ने मंगलवार को देशभर में एक साथ 40 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और दिल्ली शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में डॉ. अशोक डी. शेल्के, डॉ. मंजप्पा और चित्रा मदनहल्ली समेत 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों पर श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च के पदाधिकारियों से मोटी रकम लेकर मान्यता दिलाने की कोशिश का आरोप है। सभी आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया गया।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, “बीजेपी सरकार का यही जीरो टॉलरेंस है। CBI एक स्वतंत्र एजेंसी है, जहां गड़बड़ी होती है वहां वह कार्रवाई करती है। आगे भी इस तरह की कार्यवाहियां जारी रहेंगी।”
CBI ने कॉलेज प्रबंधन, निरीक्षण करने आए डॉक्टरों और अन्य बिचौलियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
यह कार्रवाई मेडिकल शिक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार पर गहरी चोट मानी जा रही है, जो आने वाले दिनों में अन्य मेडिकल संस्थानों तक भी पहुंच सकती है।





