प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 4 जुलाई 2025

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने सनसनी फैला दी है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा मुस्कान धीवर की चाकू और पत्थर से बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध के आरोपी साहिल धीवर (20) को पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया से गिरफ्तार कर लिया है।
बलौदाबाजार के सकलोर गांव का रहने वाला साहिल, मुस्कान का दूर का रिश्तेदार भी था। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन साहिल को शक था कि मुस्कान किसी और लड़के से भी बात करती है। इसी शक ने उसे हैवान बना दिया।
हत्या की रची थी साजिश, घुमाने के बहाने ले गया तालाब के पास
26 जून की दोपहर हल्की बारिश हो रही थी। इसी दौरान साहिल, मुस्कान को घुमाने के बहाने गांव से बाहर ले गया। दोनों बाइक से तोर्रा तालाब के पास पहुंचे, जहां साहिल ने पहले चाकू से वार किया और फिर पत्थर से सिर कुचलकर मुस्कान की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया और अपना मोबाइल बंद कर दिया।
एक हफ्ते की तलाश के बाद पुलिस को मिली कामयाबी
मुस्कान के देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन 27 जून को दोपहर तालाब के पास खेत में छात्रा की लाश मिली। पास में चप्पल, गमछा और अन्य सामान बरामद हुआ, जिससे साहिल की पहचान हुई। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में मुस्कान और साहिल एक साथ बाइक पर जाते नजर आए।
आरोपी अपनी बाइक भाटापारा रेलवे स्टेशन में छोड़कर महाराष्ट्र भागने की फिराक में था। खरोरा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे एक हफ्ते की कड़ी मशक्कत के बाद गोंदिया से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूला जुर्म
थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि पूछताछ में साहिल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह वारदात न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनी, बल्कि समाज में रिश्तों और भरोसे पर भी सवाल खड़े करती है।
छात्रा की हत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।





