भिलाई, 07 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ के भिलाई में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहित दंपती की मौत हो गई। रायपुर-दुर्ग फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपती को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुकेश कुर्रे (28) और कमलेश्वरी कुर्रे (26) के रूप में हुई है। दोनों कोहका क्षेत्र के रहने वाले थे।

हादसा खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत पावर हाउस ओवरब्रिज के पास रात करीब 10 बजे हुआ। बताया गया कि मुकेश और कमलेश्वरी शादी के बाद पहली बार मौसी के घर खाने के निमंत्रण पर गए थे। रात को वापस लौटते समय उनकी स्कूटी को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक के पहियों के नीचे आ गए और सिर कुचले जाने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस देर से पहुंचने और पुलिस वाहन में शव ले जाने को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटनास्थल पर हंगामा किया और सड़क जाम कर दी।
सड़क जाम से ट्रैफिक ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची खुर्सीपार पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर दुर्ग में भी सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
दुर्ग जिले के कोड़िया-भानपुरी मार्ग पर रविवार देर शाम एक अज्ञात वाहन की टक्कर से अंडा निवासी कैलाश महिलांगे (25) की मौत हो गई। बताया गया कि वह अंडा से भानपुरी मार्ग होते हुए धनोरा जा रहा था। हादसे के पीछे खराब सड़क को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग की मरम्मत की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





