प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 07जुलाई 2025
भाजपा के छत्तीसगढ़ विधायक दल और सांसदों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ सोमवार को सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित तिब्बती मठ सभागार में हुआ। इस सत्र का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने किया।

प्रशिक्षण के पहले दिन, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री विनोद तावड़े और बी. सतीश बतौर प्रशिक्षक शामिल होंगे। इस सत्र में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सभी कैबिनेट एवं राज्य मंत्री, विधायक और सांसद भाग लेंगे। कार्यक्रम के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
प्रशिक्षण सत्र में प्रवेश केवल सांसदों और विधायकों तक सीमित रहेगा और सभी सत्र बंद कमरे में निर्धारित प्रशिक्षकों द्वारा संचालित किए जाएंगे। मंत्री, विधायक और सांसद रविवार दोपहर से ही पहुंचने लगे थे। मैनपाट के सभी रिसॉर्ट्स और होटल पूरी तरह बुक हो चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह प्रशिक्षण जनता से सीधे जुड़ाव को मजबूत करने और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर केंद्रित रहेगा। साथ ही यह सत्र स्थानीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने और चुनाव पूर्व किए गए विकास के वादों को पूरा करने की दिशा में मार्गदर्शन देगा। यह प्रशिक्षण आगामी चुनावों की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
तीन दिन में होंगे 12 सत्र
भाजपा के सांसदों और विधायकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 12 सत्र होंगे। पहले दिन दो सत्र होंगे, जिनका नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, संगठन सचिव संतोष तावड़े, और बी. सतीश करेंगे। दूसरे दिन छह सत्र होंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रमुख प्रशिक्षक के रूप में शामिल होंगे। अंतिम सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे और उनके साथ राष्ट्रीय संगठन सचिव बी.एल. संतोष एवं राष्ट्रीय महामंत्री शिव प्रकाश प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे।
तीन एसपी, चार अतिरिक्त एसपी और 800 जवान तैनात
सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के आगमन को देखते हुए उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। तीन पुलिस अधीक्षक (एसपी), चार अतिरिक्त एसपी और 800 पुलिसकर्मी, जिनमें थाना प्रभारी भी शामिल हैं, विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। मैनपाट की ओर जाने वाले मार्गों पर कई चेकपॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की जाएगी और सभी आने वाले प्रतिभागियों को विशेष पुलिस जांच से गुजरना होगा।





