प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 7 जुलाई 2025

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। राजधानी रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में उनकी विशाल “किसान-जवान-संविधान जनसभा” प्रस्तावित है, लेकिन सभा स्थल पर जलभराव की स्थिति ने आयोजन को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
बारिश के कारण सभा स्थल पर लगाए गए तीन बड़े डोम में पानी भर गया है। खासतौर पर आम जनता के बैठने की जगहों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आयोजन समिति की ओर से पानी निकालने और व्यवस्था सुधारने के प्रयास जारी हैं।
खड़गे आज सुबह 11:30 बजे दिल्ली से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर 1 बजे वह जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे और 5 बजे प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तृत बैठक लेंगे। शाम 6 बजे वह दिल्ली लौट जाएंगे।
खड़गे के दौरे को लेकर पार्टी ने व्यापक तैयारियाँ की हैं। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट रविवार को रायपुर पहुंचकर सभा स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से चर्चा की और पुलिस अधिकारियों को अव्यवस्था से बचाव के निर्देश भी दिए।
अब देखना यह होगा कि मौसम की चुनौती के बावजूद कांग्रेस की यह महत्त्वपूर्ण सभा कितनी सफल हो पाती है।





