प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 8 जुलाई 2025

छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजधानी रायपुर समेत राज्य के अधिकांश जिलों में सोमवार रात से बारिश का सिलसिला जारी है। नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जबकि दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
निम्न दबाव और चक्रवातीय प्रणाली बनी बारिश की वजह
दक्षिण-पश्चिम गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के क्षेत्र में एक निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ 7.6 किलोमीटर तक ऊपरी वायुमंडल में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है। यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंच सकती है। मानसून द्रोणिकाएं भी इस सिस्टम को समर्थन दे रही हैं, जो व्यापक वर्षा के संकेत दे रही हैं।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी तीन घंटों में रायपुर, धमतरी, बालोद, दुर्ग, राजनांदगांव और बेमेतरा में गरज-चमक, तेज हवा (30-40 किलोमीटर प्रति घंटा) और मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कांकेर, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, मुंगेली, कबीरधाम, सूरजपुर, सुरगुजा सहित कई जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, आकाशीय बिजली से बचाव के लिए खुले स्थानों में न जाएं और सावधानी बरतें।





