सरगुजा, 8 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ के मैनपाट में आयोजित भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बुधवार को होने वाला समापन सत्र अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की गैरहाज़िरी में संपन्न होगा। शाह का दौरा अंतिम समय में रद्द कर दिया गया है, हालांकि वे वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। शाह को शिविर के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना था, जिसके लिए सुरक्षा और मंच सज्जा की पूरी तैयारियाँ पहले से कर ली गई थीं।

प्रशिक्षण शिविर का दूसरा दिन मंगलवार को योग अभ्यास के साथ शुरू हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित मंत्रियों, सांसदों और विधायकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने तनाव प्रबंधन और फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए विशेष आसनों का अभ्यास कराया। सभी नेता गहरी तन्मयता से योग मुद्राओं का अनुकरण करते दिखाई दिए।
बुधवार को शिविर के समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय महामंत्री शिव प्रकाश मौजूद रहेंगे। वे सांसदों और विधायकों को पार्टी के मूल विचार, संगठनात्मक रणनीति, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रण जैसे अहम विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
इस प्रशिक्षण शिविर को पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक सुदृढ़ता के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





