प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 10 जुलाई 2025

छत्तीसगढ़ की वाणिज्यिक कर विभाग की जीएसटी टीम ने बीते महीने रायपुर समेत 22 स्थानों पर की गई छापेमारी में बड़ी टैक्स चोरी का खुलासा किया है। इन जगहों में रायपुर के पास स्थित एक बड़ी गुटखा फैक्ट्री भी शामिल है। अब सूत्रों के अनुसार, जब्त दस्तावेजों की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही इस पूरे मामले में बड़ा खुलासा किया जाएगा।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ही 5 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी सामने आ चुकी थी। इसके बाद विभाग की टीमें लगातार दस्तावेजों की बारीकी से जांच करती रहीं और अब यह जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है।
विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना टैक्स अदा किए कोई भी व्यापार अब नहीं चल पाएगा। इसी सख्ती का असर है कि बीते तिमाही में छत्तीसगढ़ देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल रहा, जहां से केंद्र सरकार को सर्वाधिक जीएसटी कलेक्शन मिला। विभाग इस तिमाही में भी यह रिकार्ड बरकरार रखने की तैयारी में जुटा है।
विभाग ने सभी कारोबारियों को चेतावनी दी है कि वे अपना टैक्स समय पर जमा करें और कोई बकाया लंबित न रखें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई राज्य सरकार की टैक्स अनुपालन नीति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।



