प्रमोद मिश्रा
बलौदाबाजार, 10 जुलाई 2025

जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना बलौदाबाजार के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरदिया से सामने आई है, जहां सर्पदंश से मां और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम ठाकुरदिया निवासी सतवती पारधी अपने परिवार के साथ अत्यंत गरीबी में जीवन बिता रही थी। बारिश से बचाव के लिए घर में छत तो है, लेकिन सोने के लिए चारपाई जैसी मूलभूत सुविधा तक नहीं है। रोज की तरह बुधवार रात को भी पूरा परिवार जमीन पर सोकर विश्राम कर रहा था, तभी एक जहरीला सांप घर में घुस आया और सतवती पारधी (मां) और उसकी मासूम बेटी देविका को डस लिया।
परिजनों ने जैसे ही सर्पदंश की जानकारी पाई, दोनों को तत्काल कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान देविका ने दम तोड़ दिया, जबकि सतवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रिफर किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
सावधानी जरूरी: बारिश के मौसम में बरतें विशेष सतर्कता
इस घटना ने एक बार फिर सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित किया है। विशेषज्ञों की सलाह है कि वर्षा ऋतु में जहरीले जीव-जंतुओं के बढ़ते खतरे को देखते हुए जमीन पर सोने से बचें। यदि किसी को सर्पदंश हो जाए तो बिना समय गंवाए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में उपचार कराएं, क्योंकि समय पर इलाज से जान बचाई जा सकती है।
गांव में शोक की लहर
सतवती और देविका की मौत से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस गरीब परिवार को सहायता प्रदान करने और गांव में जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।





