नारायणपुर, 18 जुलाई 2025
मानसून के बावजूद छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान पूरी ताकत से जारी है। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के घने जंगलों में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 6 नक्सली लीडरों को ढेर कर दिया है। जवानों ने मौके से सभी शव बरामद कर लिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, नारायणपुर और महाराष्ट्र सीमा से सटे अबूझमाड़ इलाके में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान दोपहर से ही रुक-रुक कर मुठभेड़ चल रही थी, जिसमें अंततः 6 वर्दीधारी नक्सली मारे गए।
मुठभेड़ स्थल से जवानों ने AK-47, SLR राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री, बैग और नक्सलियों के उपयोग की दैनिक वस्तुएं बरामद की हैं।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन अब भी जारी है और इलाके में सर्चिंग को और तेज कर दिया गया है। मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि इनमें कई इनामी नक्सली शामिल हो सकते हैं।
इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी रणनीतिक सफलता माना जा रहा है, जो मानसून सीजन में भी अपने अभियान को निर्बाध रूप से चला रहे हैं।





