बालोद, छत्तीसगढ़ | 21 जुलाई 2025
बालोद जिले के गरूर थाना क्षेत्र में स्थित बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी) कार्यालय में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान सतीश यादव के रूप में हुई है, जो बीईओ कार्यालय में सफाईकर्मी के बेटे के तौर पर कार्यरत था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सतीश की मां लक्ष्मी यादव इन दिनों हड़ताल पर थीं, जिसके चलते सतीश बीते कुछ दिनों से बीईओ कार्यालय में कार्यरत था और उसके पास ही कार्यालय की चाबी भी थी। रविवार-सोमवार की रात सतीश ने कार्यालय के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी।
सोमवार सुबह जब कर्मचारी ऑफिस पहुंचे तो उन्होंने सतीश को फंदे पर लटका हुआ पाया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सतीश की शादी छह महीने पहले ही हुई थी। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। गरूर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और परिजनों व सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है।
यह घटना न केवल प्रशासनिक दफ्तरों में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सवाल खड़े करती है, बल्कि सफाईकर्मियों व उनके परिजनों की कार्य परिस्थितियों पर भी सोचने को मजबूर करती है।





