प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 24 जुलाई 2025

छत्तीसगढ़ में बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। पेंड्रा क्षेत्र में केवची-पीपरखुटी के बीच कौहा नाले पर बना पुल बह गया है, जिससे पेंड्रा-केवची-अमरकंटक और अमरकंटक-केवची-बिलासपुर मेन रोड पूरी तरह बंद हो गया है। इस आपदा से केवची, आमडोब, जोगीसार, बेलपत, गौरखेड़ा और डूगरा गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है।
इस दौरान अमरकंटक से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु केवची में फंस गए हैं। प्रशासन की मानें तो उनके पास अचानकमार टाइगर रिजर्व के रास्ते के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है, लेकिन वह मार्ग भी प्रतिबंधित क्षेत्र में आता है। अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द मार्ग बहाल होने की उम्मीद है।
सरगुजा में बिजली गिरने से तीन की मौत
बारिश के बीच सरगुजा जिले में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है और अगले दो दिन और अधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दुर्ग के जमराव एनीकट में बह गए दो किशोर, SDRF ने निकाला शव
दुर्ग जिले के जमराव एनीकट में बुधवार शाम रायपुर से आए 6 लड़कों में से दो किशोर नदी में नहाते वक्त बह गए। इनमें से एक यशवंत हरपाल (16) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे आशीष साहू (16) का शव गुरुवार सुबह SDRF टीम ने घटनास्थल से 30 मीटर दूर बरामद किया। सभी लड़के रायपुर के आमापारा इलाके से घूमने निकले थे।
बिलासपुर में रातभर की बारिश से शहर जलमग्न, कई घरों में घुसा पानी
बिलासपुर में बुधवार रात हुई मूसलधार बारिश से निचली बस्तियों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। पुराना बस स्टैंड, सरकंडा, तोरवा, व्यापार विहार, हंसा विहार, देवरीखुर्द, राजकिशोर नगर, सिरगिटटी, मंगला, और उसलापुर जैसे इलाकों में दो फीट तक पानी भर गया। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को रात भर जागकर समय बिताना पड़ा।
मौसम विभाग का अलर्ट: बस्तर में ऑरेंज, अन्य 24 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो-प्रेशर एरिया के चलते 25 और 26 जुलाई को मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रशासन अलर्ट पर, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।





