बिलासपुर, 31 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर द्वारा संचालित प्रौद्योगिकी ग्राम केंद्र भड़हा के अंतर्गत ग्राम पचपेड़ी, ब्लॉक मस्तुरी जिला-बिलासपुर में दिनांक 29 जुलाई 2025 को “ई-बात कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परिषद के महानिदेशक डॉ. एस. कर्मकार के मार्गदर्शन में और भारतीय रिजर्व बैंक, रायपुर के सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल पेमेंट, साइबर सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता से जोड़ना था। कार्यक्रम में लगभग 225 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का संचालन परिषद के वैज्ञानिक ‘डी’ डॉ. महेन्द्र चंद्रवंशी ने किया, जिन्होंने प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और ग्रामीण तकनीकी विकास पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आरबीआई रायपुर के उपमहाप्रबंधक अमरेन्द्र गुप्ता ने बैंकिंग प्रणाली, डिजिटल भुगतान और साइबर फ्रॉड से सुरक्षा के विषय में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
ई-बात कार्यक्रम का समन्वय चंदर सोनी द्वारा किया गया, जबकि डॉ. ए. के. पाठक ने छात्रों को विज्ञान परिषद द्वारा संचालित विभिन्न नवाचारात्मक कार्यक्रमों के बारे में बताया और सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के लिए एक वित्तीय साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़ी के छात्र-छात्राएं, स्थानीय पुलिस अधिकारी, ए.डी.ओ. रूद्धेश्वर एक्का, व्याख्याता शिव कुमार सोनी, श्रुति मिश्रा सहित अनेक शिक्षक एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
जनसमूह की उत्साहजनक भागीदारी को देखते हुए यह कार्यक्रम दो पालियों में आयोजित किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।





