सुकमा/बीजापुर, 02 अगस्त 2025
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल मोर्चे पर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़े 2 लाख रुपए के इनामी समेत तीन नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान नक्सलियों के कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है, जिसमें टिफिन आईईडी बम और अन्य घातक सामान शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई थाना केरलापाल क्षेत्र में की गई, जहां गोगुण्डा गांव के तीन सक्रिय नक्सलियों को पुलिस टीम ने धरदबोचा। इनमें से एक नक्सली पर 2 लाख रुपए का ईनाम भी घोषित था। गिरफ्तार नक्सली इलाके में माओवादियों के लिए विस्फोटक पहुंचाने और युवाओं को संगठन में शामिल करने जैसे कामों में सक्रिय थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सल विरोधी अभियान के तहत यह एक बड़ी सफलता है और क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने में यह कार्रवाई मील का पत्थर साबित होगी। बरामद विस्फोटकों को नक्सली सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की साजिश में इस्तेमाल करने वाले थे, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।
सुरक्षाबलों ने कहा – अभियान और तेज होगा, नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





