प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 3 अगस्त 2025

उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा के नेतृत्व में आज कुंदरापारा से मधुपिले चौक तक धर्मांतरण के विरोध में विशाल रैली का आयोजन किया गया। जगन्नाथ सेना द्वारा आयोजित इस रैली में हजारों की संख्या में नागरिक, सामाजिक संगठन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली जनसैलाब में तब्दील हो गई और धर्म-संस्कृति की रक्षा हेतु समाज के जागरण का संदेश देते हुए आगे बढ़ी।
रैली के दौरान ‘घर वापसी’ अभियान के तहत चार माताओं को, जिन्होंने बहकावे में आकर धर्म परिवर्तन कर लिया था, पुनः सम्मानपूर्वक अपने मूल धर्म में वापस लाया गया। माताओं के पैर धोकर, तिलक लगाकर एवं साल-श्रीफल भेंट कर उन्हें पूरे सम्मान के साथ धर्म में पुनः प्रतिष्ठित किया गया।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा— “धर्मांतरण समाज के लिए एक गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इसे रोकने के लिए हमें घर-घर जाकर जागरूकता फैलानी होगी। जगन्नाथ सेना हर रविवार सुबह 9 से 11 बजे तक वार्डों में भ्रमण कर धर्मांतरण रोकने का प्रयास करेगी। जो लोग धर्मांतरण करा रहे हैं, उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर जनता के सहयोग से सार्वजनिक विरोध भी होगा।”
इस अवसर पर भाजपा महामंत्री महेश बघेल, पार्षद पति संतोष हियाल, भाजपा कार्यकर्ता सावित्री जगत, पार्षद कैलाश बेहरा सहित जगन्नाथ सेना के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में जनसमुदाय ने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए संकल्प लिया।





