जगदलपुर, 04 अगस्त 2025
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक पत्थर खदान के गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना हजारी गुड़ा गांव की है, जहां 5 वर्षीय संदीप नाग और 6 वर्षीय जयश्री खेलते-खेलते खदान के गड्ढे तक पहुंच गए। बारिश के पानी से लबालब भरे गड्ढे में दोनों का पैर फिसल गया और वे डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही SDRF और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। पोस्टमॉर्टम के लिए शवों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि बच्चे खदान क्षेत्र में कैसे पहुंचे, जबकि यह इलाका असुरक्षित घोषित है।
Balrampur में भारी बारिश का अलर्ट, 16 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी
इधर, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मौसम विभाग ने आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर और दक्षिण हिस्सों के कुल 16 जिलों में बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ में अगले चार-पांच दिन तक बारिश की रफ्तार धीमी रहने की संभावना है।
पिछले 48 घंटे में सरगुजा संभाग में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है, जिसमें बलरामपुर सबसे आगे रहा है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी है।
28 जुलाई से 3 अगस्त तक मात्र 37.1MM औसत बारिश, पिछले 10 साल में जुलाई में बारिश का रिकॉर्ड टूटा
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो 28 जुलाई तक प्रदेश में 603 MM औसत बारिश दर्ज की गई थी, जो 3 अगस्त तक महज 633 MM तक पहुंच सकी। यानी छह दिनों में केवल 30.1 MM औसत बारिश हुई। हालांकि 3 अगस्त को प्रदेश में 7MM बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो पिछले चार दिनों से बेहतर है।
जून से जुलाई के बीच प्रदेश में कुल 623.1 MM बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से 12 प्रतिशत ज्यादा है। खास बात यह है कि जुलाई महीने में इस बार 453.5 MM बारिश हुई है। पिछले 10 सालों में सिर्फ दो बार ही जुलाई में 400 MM से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी।
2023 में जुलाई में 566.8 MM और 2016 में 463.3 MM बारिश दर्ज की गई थी।





