प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 5 अगस्त 2025

नगर निगम रायपुर के जोन-2 क्षेत्र के 7 वार्डों में कार्यरत लगभग 300 सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का सम्मान समारोह 5 अगस्त, मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे जोन-2 कार्यालय परिसर में होगा, जिसमें स्वच्छता कर्मियों को रायपुर शहर के गार्बेज फ्री सिटी श्रेणी में छत्तीसगढ़ का पहला 7-स्टार शहर बनने और राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देशभर में चौथी रैंकिंग हासिल करने पर सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान समारोह में महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर और नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के साथ जोन-2 के सभी पार्षदगण उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर स्वच्छता मित्रों की कड़ी मेहनत और समर्पण के प्रति आभार जताया जाएगा, जिन्होंने रायपुर को देशभर में स्वच्छता के क्षेत्र में शीर्ष स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, यह सम्मान समारोह न केवल स्वच्छता योद्धाओं के परिश्रम का अभिनंदन है, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छता अभियान में और अधिक सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करने का भी प्रयास है।





