प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 8 अगस्त 2025

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में जेल में बंद अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। रायपुर पुलिस ने शोएब के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया है। शोएब, रायपुर के पूर्व महापौर ऐजाज ढेबर का भतीजा है।
मामले की शुरुआत बीते दिन हुई, जब शोएब ढेबर रायपुर केंद्रीय जेल परिसर में अपने पिता से मिलने पहुंचा था। इस दौरान उसने जेल प्रहरी से गाली-गलौच की और राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करते हुए अंदर घुसने की कोशिश की। जेल अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए शोएब की मुलाकात पर प्रतिबंध लगा दिया।
आज गंज थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार, शोएब पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौच और मारपीट के आरोप लगे हैं। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 329 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और शोएब की गिरफ्तारी भी संभव है। इससे पहले भी ढेबर परिवार शराब घोटाले के चलते विवादों में रहा है, और अब शोएब का यह कृत्य उन्हें और मुश्किल में डाल सकता है।
यह मामला अब राजनीतिक रंग भी ले सकता है, क्योंकि विपक्ष पहले से ही सत्ता पक्ष पर इस घोटाले को लेकर हमलावर है।





