राजनांदगांव, 11 अगस्त 2025
ब्लॉक के मोहबा प्राथमिक विद्यालय में घटी एक शर्मनाक और गंभीर घटना ने पूरे शिक्षा विभाग की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल के प्रधानपाठक नेतराम वर्मा पर छात्राओं से अश्लील हरकत, आपत्तिजनक फोटो दिखाने और बैड टच जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। वहीं, मामले की जानकारी होते हुए भी चुप्पी साधने और कार्रवाई न करने पर सहायक शिक्षक डीसम तिवारी को भी निलंबित कर दिया गया है।

कैसे खुला मामला
कुछ दिन पहले विद्यालय की कई छात्राओं ने अचानक स्कूल आना बंद कर दिया। अभिभावकों को यह असामान्य लगा और उन्होंने बच्चों से कारण पूछा। बच्चियों ने जो बताया, उसने सबको झकझोर दिया — आरोप है कि प्रधानपाठक उन्हें अपने कमरे में बुलाकर अश्लील फोटो दिखाता और उनके साथ अनुचित व्यवहार करता था।
पालक समिति की बैठक में हुआ खुलासा
6 अगस्त को पालक समिति की बैठक में अभिभावकों ने यह मुद्दा उठाया। अगले ही दिन, 7 अगस्त को आक्रोशित पालकों ने बीईओ कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद संकुल समन्वयक ने जांच कर रिपोर्ट डीईओ को सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने दोनों शिक्षकों को तत्काल निलंबित कर दिया।
सहायक शिक्षक पर लापरवाही का आरोप
जांच में सामने आया कि सहायक शिक्षक डीसम तिवारी को इस घटना की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने न तो विरोध किया और न ही उच्च अधिकारियों को सूचना दी। उनकी इस लापरवाही को गंभीर माना गया और उन्हें भी सस्पेंड कर दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
चिखली चौकी प्रभारी अरुण नामदेव ने बताया कि आरोपी प्रधानपाठक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।





