प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 13 अगस्त 2025

कलिंगा विश्वविद्यालय के कला एवं मानविकी संकाय में मंगलवार (12 अगस्त 2025) को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर ओपन माइक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बिहेवियर क्लब, यूनिसेफ, एनएसएस और यंग इंडिया के संयुक्त प्रयास से हुई इस प्रतियोगिता में 38 प्रतिभागियों ने गीत, कविता, भाषण और अभिनय के माध्यम से युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, देशभक्ति, संघर्ष और उपलब्धियों को मंच पर अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईजी सुशील द्विवेदी थे, जबकि यूनिसेफ के अभिषेक सिंह और यंग इंडिया के कवित पसारी मुख्य निर्णायक रहे। अपने संबोधन में द्विवेदी ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के बचपन का उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्य तय कर योजनाबद्ध प्रयासों से सीमित संसाधनों में भी बड़े परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। सिंह ने कहा कि अध्ययन के साथ कलात्मक अभिरुचियां प्रतिभा को निखारती हैं, जबकि पसारी ने युवाओं को औद्योगिक क्षेत्रों और नई तकनीक से जोड़ने के महत्व पर बल दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान साक्षी गुप्ता को मिला, जिन्होंने मानसिक स्वास्थ्य सुधार के लिए भारत में किए जा रहे प्रयासों और चुनौतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। द्वितीय स्थान पर सुयश प्रत्युश रहे, जिन्होंने फिल्म एमएस धोनी का गीत “बेसब्रियां” प्रस्तुत कर माहौल बांधा। तृतीय स्थान आदित्य चौबे ने बॉलीवुड गानों का मैशअप सुनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन थाबो महोलेला और पूर्वा लहरे ने किया। संयोजकों में तुहिना चौबे (बिहेवियर क्लब), डॉ. योगेश वैष्णव (यंग इंडिया) और डॉ. हर्षा शर्मा (एनएसएस) शामिल थे। इस अवसर पर डॉ. संजीव यादव, डॉ. सुनील टाइगर, जेसिका मिंज, डॉ. विभुति कश्यप, सुमिरा मदान सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक उपस्थित रहे।





