प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 14 अगस्त 2025

राजधानी के आरंग थाना क्षेत्र में पैसों के विवाद के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उसे उसी के गमछे से गला घोंटकर मार डाला और फिर शराब व मछली की पार्टी की। सबूत मिटाने के लिए हत्या में इस्तेमाल गमछे को जला दिया गया। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक गिरिजा शंकर (28) ग्राम भोथली का रहने वाला था और राजमिस्त्री का काम करता था। 11 अगस्त की सुबह वह काम पर निकला था, लेकिन काम अधूरा छोड़कर चला गया। उसे आखिरी बार आरोपी मधुसूदन लोधी के साथ देखा गया। संदेह के आधार पर मधुसूदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल की।
कुछ हफ्ते पहले पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। गिरिजा शंकर अक्सर मधुसूदन को गाली-गलौज करता और पत्नी के सामने भी अपमानित करता था। इससे परेशान होकर मधुसूदन ने 5 दोस्तों—डिगेश्वर लोधी, अजय निशांत, नीलकंठ लोधी, जयप्रकाश लोधी और कमल लोधी—के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
11 अगस्त को मधुसूदन ने गिरिजा शंकर को शराब पिलाने के बहाने राटाकाट रोड के पास नहर किनारे बुलाया, जहां बाकी आरोपी पहले से मौजूद थे। सभी ने साथ में शराब पी और फिर गमछे से गला घोंटकर गिरिजा शंकर की हत्या कर दी। गमछे को पास के तालाब में जला दिया गया और मोबाइल फोन तोड़कर पानी में फेंक दिया गया।
12 अगस्त की सुबह आरंग-राटाकाट रोड पर नाले के पास झाड़ियों में मृतक का शव मिला, जबकि थोड़ी दूरी पर उसकी बाइक भी पड़ी थी। चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने जांच कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से दो बाइक व मोबाइल जब्त किए हैं।





