21 Oct 2026, Wed
Breaking

नवा रायपुर में स्टंट करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई : 128 बाईक व 6 कार चालकों पर पुलिस का कहर, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्टंट दिखाने की थी तैयारी

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 16 अगस्त 2025

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाईकर्स गैंग द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सअप के माध्यम से अन्य बाईकर्स को नवा रायपुर की सड़कों पर स्टंट करने, धमा चौकड़ी करने के लिए पहुॅचने का वीडियो एवं फोटो पोस्ट किया गया, जिस पर रायपुर पुलिस द्वारा दिनांक 14.08.2025 को 09 बाईकर्स जिन्होने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फोटो/वीडियो अपलोड किया था उनके विरूद्ध कार्यवाही कर उन्हे जेल भेजा गया था।

उसके बावजूद भी रायपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बाईकर्स गैंग, ग्रुप बनाकर नवा रायपुर के सड़कों पर एकत्रित होकर उत्पात मचाने की आशंका पर डॉ. लाल उमेंद सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में डॉ. प्रशांत शुक्ला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात एवं विवेक शुक्ला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अटल नगर के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस के दिन नवा रायपुर में पहुॅचने वाले बाईकर्स को घेरने के लिए पुलिस ने योजना बनाकर सिविल ड्रेस में उप पुलिस अधीक्षक द्वय सतीश ठाकुर एवं गुरजीत सिंह के नेतृत्व में 05 निरीक्षक, 20 यातायात बल व क्रेन पेट्रोलिंग के साथ थाना प्रभारी राखी व थाना प्रभारी मंदिर हसौद की टीम कुल 40 का बल तैनात कर घेराबंदी की गयी। घेराबंदी में 128 दोपहिया वाहन एवं 06 कार चालकों को पकड़ा गया जो नवा रायपुर में तेज रफ्तार वाहन चलाते ,मस्ती करते हुए लापरवाहीपूर्वक चलाते स्टंट करते पाए गये।

वाहनों को जप्त कर थाना राखी, मंदिर हसौद एवं अटल नगर यातायात थाना में रखा गया है। वाहन चालकों के विरूद्ध स्टंट करते हुए लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, बिना नंबर वाहन, नंबर टेम्परिंग करने, बिना हेलमेट एवं वाहनों के दस्तावेजी खामियों पर प्रकरण तैयार कर सोमवार को मान.न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

पढ़ें   CG हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: प्रमोशन कर्मचारियों का मौलिक अधिकार नहीं, CMO पद पर राजस्व निरीक्षकों को प्रमोशन का रास्ता साफ

इसी कार्यवाही के दौरान एक वाहन चालक स्टंट करते हुए गिरकर रोड किनारे घायल पड़ा हुआ था जिस पर पुलिस की नजर पड़ी तब पुलिस ने उठाकर वाहन चालक को किनारे किया, एम्बुलेंस बुलाकर तत्काल हास्पिटल पहुॅचाया, उसका हाथ फैक्चर हो गया था।

उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर में बाईकर्स लोग ग्रुप बनाकर स्टंटबाजी, कलाबाजी करते है और उनका वीडियो, रील बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट करते है। इसके रील को देखकर युवा वर्ग प्रेरित होकर वह भी स्टंट करने नवा रायपुर जाते है। स्टंट करने के दौरान कई बार दुर्घटना होकर गिर जाते है जिससे इनको चोटें भी आती है और तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित नही कर पाने के कारण कुछ हादसों में मौतें भी हुई है। इन सबके बावजूद भी युवा वर्ग सबक न लेते हुए स्टंट करने वालों के कलाबाजियों से प्रेरित होकर वाहनों में स्टंट करते है। पुलिस लगातार कार्यवाही भी कर रही है।

रायपुर पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस युवा पीढ़ी से अपील करती है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट किये जाने वाले वाहनों में स्टंट वीडियो का नकल कर अपना जान जोखिम में न डाले। स्टंट करना खतरनाक है इससे गिरने पर चोट लगने से स्थायी विकलांगता या जान भी जा सकती है। समझदार बने, सावधानी पूर्वक वाहन चलाएं एवं यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित चलें।

Share

 

 

 

 

 

You Missed