बिहार, 17 अगस्त 2025
बिहार में एसआईआर और वोट चोरी के खिलाफ महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा का रविवार को सासाराम से आगाज होगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव इस यात्रा का नेतृत्व करेंगे। 16 दिन तक चलने वाली यह यात्रा 25 जिलों से गुजरते हुए कुल 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और एक सितंबर को पटना में समाप्त होगी। इस दौरान विपक्षी इंडिया गठबंधन के सभी बड़े नेता एक मंच पर नजर आएंगे। महागठबंधन ने इसे लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा की लड़ाई बताया है।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यहां आरोप लगाते कहा कि भाजपा फर्जी तरीके से वोट जोड़ने और काटने में रंगे हाथों पकड़ी गई है। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से वोट चोरी की साजिश और मुखर हुई है। इसके चलते अब सामान्य नागरिक भी वोट चोरी के सबूत निकालकर दे रहे हैं।



