प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 20 अगस्त 2025

कलिंगा विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय द्वारा “प्रौद्योगिकी, शिक्षा को विकर्षण से अधिक सशक्त बनाती है” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में तर्कशील सोच, अभिव्यक्ति कौशल और रचनात्मक दृष्टिकोण का विकास करना था।
कार्यक्रम का संयोजन सहायक प्राध्यापक डॉ. हर्षा शर्मा ने किया। इसमें कलिंगा विश्वविद्यालय सहित अमिटी विश्वविद्यालय और अन्य प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथा पटेल (बी.ए.) ने प्रथम स्थान और अनुष्का बर्नवाल (बी.एससी. फॉरेंसिक साइंस) ने द्वितीय स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल प्रो. अज़ीम ख़ान (डीन, विधि संकाय) और प्रो. ए. राजशेखर (प्राध्यापक, भूगोल विभाग) ने विजेताओं का चयन किया। निर्णायकों ने कहा कि यदि प्रौद्योगिकी का उपयोग सही दिशा और शिक्षक के मार्गदर्शन में किया जाए, तो यह शिक्षा को और अधिक प्रभावी बना सकती है।
शिक्षा संकाय की डीन डॉ. श्रद्धा वर्मा ने विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी और सीखने की प्रक्रिया में नवाचार व सजगता के संतुलन पर बल दिया। इस अवसर पर खेल निदेशक डॉ. डी. कालिदास, सहायक प्रोफेसर डॉ. संजीव यादव, डॉ. सरोज नैयर, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. लुभावनी त्रिपाठी और अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और संकाय सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।





