प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 23 अगस्त 2025

रियल एस्टेट सेक्टर में अपनी पहचान बना चुका क्रेडाई अब सामाजिक सरोकारों की दिशा में भी एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। विधायक पुरंदर मिश्रा के सुझाव पर क्रेडाई ने घोषणा की है कि हर वर्ष 51 निर्धन कन्याओं का विवाह निःशुल्क संपन्न कराया जाएगा।
सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम रायपुर में आयोजित भव्य एक्सपो के दौरान विधायक मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “रोटी और कपड़ा तो हर कोई जुटा लेता है, लेकिन मकान जीवन की सबसे बड़ी ज़रूरत है। यदि क्रेडाई चाहे तो प्रतिवर्ष 51 निर्धन कन्याओं का विवाह कराकर समाजसेवा की ऐतिहासिक मिसाल कायम कर सकता है।”
उनके इस प्रेरक सुझाव को क्रेडाई अध्यक्ष पंकज लाहोटी ने स्वीकार किया और औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि अब से क्रेडाई प्रतिवर्ष 51 निर्धन कन्याओं का विवाह संपन्न कराएगा।
इस भावनात्मक घोषणा पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विशिष्ट अतिथि मिनल चौबे ने विधायक पुरंदर मिश्रा को शुभकामनाएँ दीं। आयोजन में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए जिनमें संजय रहेना, मृणात गोलछा, नवनीत अग्रवाल, संजय बघेल, अभिषेक जी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तीन दिवसीय इस एक्सपो में आम नागरिकों के लिए अनेक प्रॉपर्टी विकल्प और सुविधाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं।
👉 “घर के साथ बेटियों का भविष्य भी सुरक्षित” — क्रेडाई की नई पहल समाजसेवा का बनेगी प्रेरक उदाहरण।





