बिलासपुर, 25 अगस्त 2025
सिविल लाइन थाना और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में उसलापुर रेलवे स्टेशन से गांजा तस्करी करते उत्तरप्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर फर्जी पहचान पत्र भी दिखाया।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को स्टेशन के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को देखकर दो लोग भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी रूपेश सिंह ने सेना का फर्जी पहचान पत्र दिखाया। जांच में पता चला कि उसने इसी आईडी का उपयोग कर ट्रेन की टिकट भी बुक की थी।
पुलिस ने तलाशी में दोनों आरोपियों से 21 किलो 100 ग्राम गांजा और मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 25 वर्षीय रूपेश सिंह प्रयागराज के हनुमानगंज थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि 38 वर्षीय विनोद कुमार सिंह प्रतापगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही बीएनएस की कूटरचना संबंधी धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क और सिंडिकेट के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है।





