प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 25 अगस्त 2025

सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कैंप मेट्टागुड़ा इलाके में माओवादियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है, जिसमें भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री छिपाकर रखी गई थी।
सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने पर 203 कोबरा बटालियन, 241 बस्तर बटालियन (सीआरपीएफ) और जिला बल की संयुक्त टीम ने शनिवार को एंटी-नक्सल ऑपरेशन चलाया। यह टीम 203 कोबरा बटालियन के कमांडेंट पवन कुमार सिंह और उप कमांडेंट प्रवीन कुमार के नेतृत्व में बोटेलंका, इरापल्ली, कोइमेंटा, दरेली और मरकनगुड़ा गांवों के जंगल और पहाड़ी इलाकों की ओर रवाना हुई।
23 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे सर्च ऑपरेशन के दौरान कोइमेंटा के जंगलों में छिपाया गया माओवादियों का बड़ा डंप मिला। माओवादी इन सामग्रियों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए करना चाहते थे।
बरामद सामान में शामिल है –
- एक देशी बंदूक
- एक बीजीएल लांचर और एक बीजीएल लांचर बैरल
- एक टूटा हुआ यूएवी नेत्रा प्रोपेलर
- एक इलेक्ट्रिक होल्डर वेल्डिंग टूल
- एक बेंच वाइस
- दो स्टील पाइप और सात लोहे की रॉड
- 45 आयरन बेस प्लेट (लगभग 2 किलो प्रत्येक)
- 47 पोल एंगलर (लगभग 8 किलो प्रत्येक)
- 480 आयरन क्लैम्प (लगभग 1 किलो प्रत्येक)
- 35 ग्राउंड सपोर्टर (लगभग 2 किलो प्रत्येक)
- 31 आयरन क्लैम्प (18 इंच)
- 9 आयरन क्लैम्प (12 इंच)
- एक टी-टाइप आयरन क्लैम्प (12 इंच)
- एक काला वर्दी (यूनिफॉर्म)
- एक अमो पाउच
- एक टूटा हुआ इन्वर्टर बैटरी केसिंग
- लगभग 20 मीटर इलेक्ट्रिक वायर
- एक इलेक्ट्रिकल एक्सटेंशन बोर्ड
सफल बरामदगी के बाद टीम सुरक्षित रूप से अपने कैंप लौट आई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई सुकमा जिले में चलाए जा रहे एंटी-नक्सल अभियान का हिस्सा है।





