बिलासपुर, 28 अगस्त 2025
मस्तूरी ब्लॉक के ओखर गांव स्थित श्री वासुदेव गौशाला में बड़ी संख्या में गायों की मौत ने हड़कंप मचा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि चारे की भारी कमी के चलते रोजाना 7 से 10 गायों की मौत हो रही है। उनका कहना है कि सिर्फ 24 अगस्त को ही 25 से 30 गायें दम तोड़ गईं और उन्हें गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।

ग्रामीण मन्नू यादव ने आरोप लगाया कि गौशाला में चारे की उचित व्यवस्था नहीं होने से लगातार मवेशियों की मौत हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर चारे की तत्काल व्यवस्था नहीं की गई और समिति को भंग नहीं किया गया तो ग्रामीण कलेक्टर के पास जन आंदोलन करेंगे।
वहीं गौशाला प्रबंधन ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गौशाला में करीब 250 गायें हैं, जिनमें से कई बाहर से लाई गई हैं। प्रबंधन का दावा है कि गायों की मौत भूख से नहीं बल्कि बीमारी की वजह से हो रही है।
इस बीच तहसीलदार ने बताया कि इस महीने अब तक 8 गायों की मौत दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करीब 25% गायों के लीवर में समस्या पाई गई है। स्थिति को गंभीर देखते हुए गौशाला में सीसीटीवी लगाने और नियमित जांच की व्यवस्था करने की बात कही गई है।
ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं निकाला गया तो वे आंदोलन कर गौशाला समिति को भंग करने और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।





