रायगढ़, 28 अगस्त 2025 छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। जोबी चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं। गिरोह ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश तक सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 64 किलो 360 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है।
ग्राम कुर्रू में छिपाया था गांजा

मुखबिर से मिली जानकारी पर जोबी चौकी प्रभारी लक्ष्मी राठौर और उनकी टीम ने ग्राम कुर्रू निवासी अनिता बाई अगरिया (30) के घर दबिश दी। तलाशी में 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में अनिता ने बताया कि वह गांजा ओडिशा से मंगवाकर घर में छिपाती थी और मौका पाकर ट्रेन से उत्तर प्रदेश भिजवाती थी।
दूसरी महिला भी गिरफ्तार
अनिता की निशानदेही पर पुलिस ने रायगढ़ शहर में दबिश देकर सरस्वती साहू (31) को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि सरस्वती अपने भाई मनोज उर्फ छोटू साहू, यूपी निवासी लवकेश पांडे और उसके एक साथी के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को अंजाम देती थी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं तीन आरोपी मनोज साहू, लवकेश पांडे और उसका साथी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
👉 रायगढ़ पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और उत्तर प्रदेश तक गांजा सप्लाई करता था। फिलहाल गिरोह के सभी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।





