प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 30 अगस्त 2025

छत्तीसगढ़ में नियमितीकरण समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों पर सरकार ने सख्ती दिखाते हुए काम पर न लौटने पर सेवा समाप्त करने का अल्टीमेटम जारी किया है।
साथ ही “No-Work, No-Payment” के तहत नोटिस भी थमा दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि संविदा कर्मचारियों को वर्क नहीं करने पर वेतन नहीं मिलता। यह एक-दो दिन की बात नहीं, बल्कि लंबा अंतराल हो रहा है। इसलिए विभाग को नो-वर्क, नो-पे लागू करना पड़ा है।
बता दें कि प्रदेश के लगभग 16 हजार NHM स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। लगातार दो हफ्तों से ज्यादा समय तक अस्पतालों में सेवाएं प्रभावित होने के बाद सरकार ने यह कदम उठाया। वहीं NHM कर्मचारी सीएम विष्णु देव साय से मुलाकात कर अपनी कम से कम 5 मांगों पर चर्चा की मांग कर रहे हैं।
“कांग्रेस को हर हिंदू गुंडा लगता है” – श्याम बिहारी जायसवाल
RSS प्रमुख मोहन भागवत के “तीन बच्चे पैदा करने” वाले बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के तंज का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हर हिंदू गुंडा दिखाई देता है।
जायसवाल ने कहा कि भूपेश बघेल का इशारा हिंदू समाज के प्रति है। “भूपेश जी भूल रहे हैं कि यह देश सनातन संस्कृति और सनातनियों का है। यहां रहने वाला हर व्यक्ति मां भारती की कोख से पैदा हुआ है और जो मां भारती की कोख से जन्मा है, वह सब हिंदुस्तानी है।”





