प्रमोद मिश्रा
बलौदाबाजार, 30 अगस्त 2025

सोशल मीडिया पर चाकू और धारदार हथियारों के साथ स्टाइलिश फोटो-वीडियो डालने की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर साइबर सेल की टीम ने विशेष अभियान चलाकर अमेजन, फ्लिपकार्ट और मीशो जैसी ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से पिछले एक साल में चाकू मंगवाने वालों का ब्योरा जुटाया।
इसके बाद पुलिस ने ग्राहकों के घरों पर जाकर तलाशी और पूछताछ की। इस दौरान 24 चाकू और अन्य धारदार हथियार जब्त किए गए।
आर्म्स एक्ट के तहत 8 मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक ज्यादातर लोगों ने ये चाकू घरेलू उपयोग के लिए मंगवाए थे, लेकिन इनके आकर्षक डिजाइन, कम कीमत और आसानी से ले जाने योग्य होने की वजह से इनके दुरुपयोग की आशंका थी। इसी महीने की शुरुआत में पुलिस ने सोशल मीडिया पर ऐसे फोटो-वीडियो डालने वाले 15 लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत 8 मामले दर्ज किए थे।
जनता से अपील
एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि जब्त हथियारों के मालिकों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे ऑनलाइन साइट्स से धारदार हथियार न मंगवाएं। पुलिस का मानना है कि इस अभियान से युवाओं में गलत प्रभाव डालने और संभावित अपराधों पर रोक लगेगी।





