तखतपुर, 01 सितंबर 2025
बिलासपुर जिले के तखतपुर के परसाकापा स्थित पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज 12 घंटे के भीतर ही पुलिस ने हत्या में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

मंदिर परिसर में मिला खून से लथपथ शव
रविवार सुबह तखतपुर थाना क्षेत्र के सूरीघाट स्थित मंदिर परिसर में पुजारी का शव खून से लथपथ मिला। उनके सिर पर धारदार हथियार से चोट के गहरे निशान थे। घटना की सूचना पर पुलिस टीम के साथ डॉग स्क्वाड और एफएसएल मौके पर पहुंचे। वहीं एसएसपी राजनेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आया कारण
पुलिस की जांच में पता चला कि पुजारी और आरोपी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
पूजा के बहाने बुलाकर उतारा मौत के घाट
शनिवार रात आरोपी ने मोटरसाइकिल की पूजा के बहाने पुजारी को बुलाया। मौके का फायदा उठाकर आरोपियों ने ईंट और सस्पेंशन पाइप से हमला कर उनकी हत्या कर दी और फरार हो गए।
पुलिस की सक्रियता से 12 घंटे में सुलझा केस
एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा, तखतपुर थाना टीम और ACCU की त्वरित कार्रवाई से यह अंधा कत्ल महज 12 घंटे में सुलझ गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





