खैरागढ़, 02 सितंबर 2025
पुलिस चौकी जालबांधा और साइबर सेल खैरागढ़ की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर गिरोह पकड़ा गया है, जिसने पानी मांगने के बहाने वृद्ध महिला से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए थे। यह घटना 21 अगस्त की दोपहर ग्राम सलोनी में हुई थी। दो युवक दरवाजे पर पानी मांगने पहुंचे और मौका पाकर महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर बाइक से भाग निकले। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

एसपी लक्ष्य शर्मा के सख्त निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया। जांच में संदेह ग्राम करमतरा के दो युवकों पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर मकसूदन साहू (21) और ओमप्रकाश साहू (19) ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी गया मंगलसूत्र, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और बड़ी मात्रा में छिपाकर रखे गए आभूषण जब्त किए।
बरामद सामान में तीन सोने के लॉकेट, दो सोने के नेकलेस, चांदी के कड़े, अंगूठियां, बिछिया, ताबीज, करधन और पायल शामिल हैं। जब्त आभूषणों की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर, धमतरी और बालोद जिलों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2), 3(5) समेत कई धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
खैरागढ़ पुलिस की इस सफलता ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चैन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने में बड़ी भूमिका निभाई है।





